साधु बनकर हरिद्वार में रह रहा था महिला को अगवा वाला आरोपी, आठ साल बाद गिरफ्तार

Share your love

हरिद्वार: सदर बाजार पुलिस महिला के अपहरण के आरोपी की तलाश में पिछले आठ साल से लगी थी, लेकिन आरोपी हरिद्वार में साधु बनकर पुलिस को चकमा दे रहा था। थाना सदर बाजार पुलिस को जब सोमवार को उसकी जानकारी मिली तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेज दिया है। बता दें कि महिला को अगवा करने के बाद आरोपी गिरफ्तार हुआ था, लेकिन फिर वह जमानत पर छूट गया था। कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उसको पकड़ा है।

दरअसल, आठ साल पहले सोतीगंज के पास से कार सवार महिला को अगवा करने वाले आरोपी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी हरिद्वार में साधु बनकर छिपा हुआ था। 2013 में सोतीगंज के पास सहारनपुर के जनकपुरी निवासी आशीष गांधी की पत्नी निताशा कार में सवार थी। पत्नी को कार में छोड़कर आशीष सामान लेने दुकान पर गया था। तभी मवाना निवासी महेश ने गाड़ी समेत महिला को अगवा कर लिया। महिला ने खिड़की के शीशे से बाहर निकालकर शोर मचा दिया। पुलिस ने कार का शहर के अंदर ही एक किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ लिया। इसके बाद महिला को अगवा करने वाले महेश को भी गिरफ्तार कर लिया था।

जमानत पर छूटने के बाद महेश मवाना से मकान बेचकर मुजफ्फरनगर के खतौली में रहने लगा था। वहां से बच्चों को छोड़कर हरिद्वार में छिप गया। जहां पर साधु बनकर लोगों को भ्रमित कर रहा था। सदर बाजार पुलिस की टीम ने रात महेश को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि मुकदमा ट्रायल पर होने के बाद महेश कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ, जिसके कारण काफी दिन पहले महेश के वारंट जारी हो गए थे। इस मुकदमे में कई बार कोर्ट में सदर बाजार पुलिस को भी तलब किया जा चुका है।