सिपाही से मारपीट में कथित भाजपा नेता गिरफ्तार!

Share your love

लोकजन टुडे 
बीते महीने बिगवाड़ा चौकी में सिपाही से मारपीट करने पर दर्ज हुआ था मुकदमा

रूद्रपुर। सिपाही से मारपीट में पुलिस ने अपने आप को भाजपा नेता बताने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये युवक पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार बीते मार्च माह में आरोपी खुद को भाजपा नेता बताने वाला अश्विनी कुमार अरोरा दो पक्षों के विवाद की मध्यस्ता करने बगवाड़ा चौकी गया था और वहां ड्यूटी पर तैनात सिपाही मनोज सिंह से उलझने लगा। जब सिपाही ने इसका विरोध किया तो अरोरा ने सिपाही से पहले अभद्रता और फिर हाथापाई कर दी थी। आरोप है कि अरोरा ने इस दौरान सत्ता पक्ष का रौब दिखाते हुए सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी थी। मामले में सिपाही द्वारा अरोरा के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुँचाने और ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मी से हाथापाई करने की तहरीर दी गयी थी। मामले में पुलिस ने अरोरा के खिलाफ 27 मार्च को कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए कथित भाजपा नेता अश्वनी अरोरा फरार चल रहा था। शनिवार की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सितारगंज स्थित अपने घर के आसपास देखा गया है। जिस पर बिगवाड़ा पुलिस ने सितारगंज पुलिस से संपर्क किया और उसको गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को कागजी कार्यवाही कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

अश्वनी अरोरा के पास भाजपा का कोई दायित्व नही है और न ही वह भाजपा कार्यकर्ता है।
— शिव अरोड़ा, जिलाध्यक्ष, भाजपा