LokJan Today(देहरादून): 40 दिन से कश्मीर से लापता उत्तराखंड के जवान हवलदार राजेंद्र सिंह की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई है। वह दो दिन से सैन्य अस्पताल में भर्ती हैं। वह एक महीने से भूखी-प्यासी पति का इंतजार कर रही हैं।
सेना की 11वीं गढ़वाल राइफल्स में तैनात हवलदार राजेंद्र सिंह आठ जनवरी को कश्मीर में आए बर्फीले तूफान के दौरान लापता हो गए थे। तभी से उनके परिजन पल-पल उनकी कुशलता की सूचना का इंतजार कर रहे हैं।राजेंद्र सिंह के बारे में कोई सूचना नहीं मिलने से उनका धैर्य भी जवाब देने लगा है। वहीं राजेंद्र सिंह की पत्नी राजेश्वरी देवी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।ऐसे में बूढ़े सास, ससुर और बच्चों की देखभाल के लिए अब कोई नहीं है। आसपास के लोग ही परिवार का सहारा बने हुए हैं।