
रिपोर्ट: सैयद मशकूर
सहारनपुर: श्री साईं परिवार समिति सहारनपुर ने नगर निगम द्वारा लाॅकडाउन में अनेक उल्लेखनीय कार्य करने और कोरोना संक्रमण से सहारनपुर को बचाने के लिए किये गए प्रयासों के लिए नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह को बुके भेंट कर सम्मानित किया और निगम द्वारा जनहित में चलाये जाने वाले अभियानों में वालंटियर्स के रुप में भागेदारीे का संकल्प लिया।
गुरुवार को श्री साईं परिवार समिति सहारनपुर के पदाधिकारी नगर निगम पहुंचे और कोरोना काल में नगर निगम द्वारा सफाई व सैनेटाईजेशन, रिकाॅर्ड भोजन वितरण तथा टेली मेडिसिन आदि उल्लेखनीय कार्यो के लिए लंदन की वल्र्ड पब्लिशिंग एजेंसी द्वारा स्टार-2020 के रुप में चयनित किये जाने के लिए नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह को बधाई देते हुए बुके भेंट कर सम्मानित किया।
नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो सम्मान मिला है वह पूरे सहारनपुर का सम्मान है, सभी पार्षदों, विभिन्न संस्थाओं और जनता के सहयोग से ही नगर निगम नये आयाम स्थापित कर सका है। उन्होंने लोगों से लाॅकडाउन के नियमों का पालन करने की भी अपील की।
श्री साईं परिवार समिति अध्यक्ष सौरभ बब्बर, गौरव गांधी, राजकुमार, तजेन्द्र पाल, अनमोल राजपूत आदि ने कहा कि नगर निगम द्वारा लाॅक डाउन में जो कार्य किये गए हैं उनकी संस्था उससे बहुत प्रभावित है और भविष्य में निगम के विभिन्न अभियानों के साथ जुड़ने की इच्छा रखती हैं। संस्था के सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे वृक्षारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण व लाॅकडाउन के प्रति जागरुकता आदि निगम द्वारा चलाये जाने वाले अभियानों के साथ जुड़कर अपनी भागेदारी करेंगे। सौरभ बब्बर ने बताया कि उनकी संस्था से जुड़े बाल वालंटियर्स ने अपनी गुल्लकें तोड़कर कोराना की जंग में सहयोग दिया है।