वृक्षारोपण अभियान के लिए निगम को पांच सौ वृक्ष देंगी सुषमा बजाज

Share your love

रिपोर्ट: सैयद मशकूर

सहारनपुर:  सहारनपुर को कार्बन न्यूट्रल बनाने के लिए नगर निगम द्वारा शुरु किये गए वृक्षारोपण अभियान को गति देने के लिए निगम की वृक्षारोपण ब्रांड एम्बेसडर सुषमा बजाज ने राजऋषि पर्यावरण समिति की ओर से नगर निगम को 500 वृक्ष दान देने की घोषणा की। शुक्रवार को शारदा नगर स्थित ईएसआई हाॅस्पिटल के निकट वृक्षारोपण किया गया।

सहारनपुर महानगर को ग्रीन और क्लीन बनाने के लिए शुक्रवार को नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह, पार्षद रमन चैधरी, सुषमा बजाज, डाॅ. वीरेन्द्र आज़म व आईटीसी सुनहरा के कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर राजऋषि पर्यावरण समिति की अध्यक्ष सुषमा बजाज ने समिति की ओर से नगर निगम को 500 वृक्ष दान देने की घोषणा करते हुए कहा कि सहारनपुर को हरा भरा कर कार्बन न्यूट्रल बनाने के लिए वृक्षारोपण तो आवश्यक है। साथ ही साथ हम सब की हिस्सेदारी भी उसमें जरुरी है।

बजाज ने कहा कि निगम हमे स्वस्थ परिवेश देने और हमारी आने वाली पीढ़ियों को सुखद भविष्य देने के लिए यह अभियान चला रहा है, तो हमारी ये जिम्मेदारी बनती है कि हम अपने आस पास की काॅलोनियों और घरों के बाहर अपनी सामर्थ के अनुसार नगर निगम का सहयोग लेकर वृक्षारोपण में हिस्सेदारी करें।

नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि वृक्ष हमसे लेते कुछ नहीं बल्कि हमें सुख भरी ठंडी छाया, प्राण रक्षक आॅक्सीजन, जीवन रक्षक औषधियां और आवश्यकतानुसार पर्याप्त ईधन देते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण किसी ओर के लिए नहीं बल्कि हमारे प्रियजनों के लिए है। उन्होंने कहा कि वृक्षों की रक्षा और उनका संवर्धन ईश्वर की पूजा है। उन्होंने वृक्षारोपण को जनांदोलन बनाने की अपील करते हुए सभी संस्थाओं व पर्यावरण प्रेमियों से आगे आने का आह्वान किया। वृक्षारोपण के दौरान क्षेत्र के बलबीर सिंह, मामचंद माहेश्वरी, अशोक ठाकुर, अमित त्यागी, संदीप रावत, राजेन्द्र गुप्ता, लक्की व मोहित त्यागी के अलावा आईटीसी सुनहरा कल के शादाब खां, निकेश कुमार, महदुल इस्लाम, सुनील कुमार, कमल व आकाश आदि भी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *