महिला कांस्टेबल आत्महत्या मामले में सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Share your love

रिपोर्ट: सुशील कुमार झा

रुड़की: झबरेडा थाने में तैनात महिला कांस्टेबल द्वारा सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के भाई ने सिविल लाइन कोतवाली रुड़की में तैनात एक सिपाही पर मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने नामजद किए गए कांस्टेबल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

देहरादून के ग्राम भाटगढी थाना त्योनी निवासी मंजीता पुत्री मोहर सिंह झबरेडा थाने में कांस्टेबल पद पर तैनात थी। बताया गया है कि रविवार की देर शाम को महिला कांस्टेबल ने झबरेडा थाने के आवासीय भवन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। महिला कांस्टेबल द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। देर रात को एसएसपी ने झबरेडा थाने पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया था और पुलिस ने मामले की जानकारी मृतका के परिजनों को दी थी।

सोमवार की सुबह मृतक महिला कांस्टेबल के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने शव को उसके परिजनों को सौंपने का प्रयास किया लेकिन परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया। इसी दौरान मृतका के भाई महेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर दी जिसमें बताया गया कि उसकी बहन मंजीता झबरेड़ा थाने से पहले रुड़की के गंगनहर कोतवाली में तैनात थी। आरोप लगाया सिविल लाइन कोतवाली रुड़की में तैनात कांस्टेबल परविंदर सिंह असवाल उसकी बहन को मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान कर रहा था। तहरीर में बताया गया कि सिपाही परमिंदर ने षड्यंत्र रच कर उसकी बहन की हत्या की है और मामले को आत्महत्या का रूप दिया गया है। तहरीर के बाद पुलिस अधिकारियों ने मृतक महिला कांस्टेबल के परिजनों को आरोपित सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया जिसके बाद मृतका के परिजनों ने शव को अपनी सुपुर्दगी में लिया है।

मृतक महिला कांस्टेबल के भाई महेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सिविल लाइन कोतवाली में तैनात कांस्टेबल परमिंदर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है। झबरेडा थाना अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित सिपाही परमिंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *