
रिपोर्ट: सैयद मशकूर
सहारनपुर: अनामिका शुक्ला के नाम से सहारनपुर मे नौकरी करने वाली भावना यादव को जनपद पुलिस ने मैनपुरी जनपद से पकडने में सफलता हासिल की है। फिलहाल महिला थाने में भावना से पूछताछ की जा रही है।
उत्तर प्रदेश की चर्चित शिक्षिका अनामिका शुक्ला प्रकरण में सहारनपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अनामिका के नाम पर सहारनपुर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में नौकरी करने वाली फर्जी अनामिका को मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया है। फर्जी अनामिका शुक्ला का नाम भावना यादव है। जनपद मैनपुरी से भावना को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस सोमवार रात उसे लेकर सहारनपुर पहुंची। यहां उसे महिला थाने में रखा गया है।
सहारनपुर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में भावना ने अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी की थी। मामला खुलने के बाद सात जून को बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जनकपुरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले की जांच कर रही जनकपुरी पुलिस अनामिका शुक्ला के नाम से सहारनपुर में नौकरी कर रही फर्जी शिक्षिका की तलाश कर रही थी।
जांच पड़ताल में पुलिस को पता चला कि अनामिका शुक्ला के नाम से सहारनपुर में नौकरी करने वाली महिला का नाम भावना है और वह कासगंज की रहने वाली है। इसी क्रम में सहारनपुर पुलिस की एक टीम कासगंज के लिए रवाना हुई थी। वहां कई स्थानों पर पुलिस ने दबिश भी दी लेकिन भावना का पता नहीं चल रहा था। बाद में सोमवार शाम को पुलिस ने भावना को मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी रामेन्द्र कुमार ने बताया कि फर्जी अनामिका शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा इस मामले से जुड़े और संदिग्धो को नोटिस भेजा गया है और 20 जून तक का जवाब देने का समय दिया गया है।जवाब ना दिये पर कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
एसपी सिटी विनित भटनागर ने बताया कि पूछताछ में भावना से कई खुलासे हुए हैं। कुछ नए लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उन सभी के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं। इसके मास्टर माइण्ड के बारे मे भी बताया है, इसके अलावा कई ओर लोग भी इसमे शामिल है जोकि जल्द सी पुलिस पकड मे होगे।