रिपोर्ट – सैयद मशकूर, सहारनपुर। बलिया में पत्रकार रतन सिंह की हत्या पर डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कहा है कि पत्रकार के परिजनों को 10 लाख का सरकारी मदद नाकाफी है। इस राशि को बढ़ाया जाना चाहिए। साथ ही परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जानी चाहिए। पत्रकारों के उत्पीड़न, उनकी हत्याओं पर सरकार को कठोर कदम उठाना चाहिए।

- लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला चिंताजनक – जावेद साबरी
- पत्रकार रतन सिंह की हत्या से सहारनपुर में शोक की लहर
मंगलवार को मोगरा बिल्डिंग स्थित डिस्ट्र्क्टि प्रेस क्लब कार्यालय पर आपात बैठक हुई। इसमें क्लब के मुख्य संरक्षक व वरिष्ठ पत्रकार जावेद साबरी ने कहा कि-प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति नाजुक हो गई है। समाज के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकार भी अब सुरक्षित नहीं हैं। गाजियाबाद में पत्रकार की हत्या की स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि एक रोज पहले बलिया में पत्रकार रतन सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई। यह घटना वाकई बहुत शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब के पदाधिकारी लखनऊ और बलिया भी कूच करेंगे।
प्रेस क्लब के संरक्षक एम रियाज हाशमी ने कहा कि यह बेहद चिंता का विषय है कि अब पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्हें बदमाश निशाना बना रहे हैं। लगातार सूबे में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। पत्रकार बिरादरी खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। जिला महामंत्री अबू बकर सिबली ने कहा कि पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं। हत्याएं हो रही हैं। यह चिंता का विषय है।
सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए। रतन सिंह के हत्यारोपियों को भले ही गिरफ्तार कर लिया गया है पर उनकी भरपाई नहीं हो सकती, जिन्हें गोली से उड़ा दिया गया। प्रेस क्लब अध्यक्ष अवनीन्द्र कमल ने कहा कि योगी सरकार में पत्रकारों की हत्याएं नहीं थम रहीं। कइयों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। सरकार को इस दिशा में गंभीर होना पड़ेगा। संरक्षक कुमार योगेश ने कहा कि पत्रकारों को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। राज्य में जंगलराज कायम हो चुका है। शब्बीर साद और शाहिद जुबैरी ने कहा कि यह घटना दिल दहला देने वाली है। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र चौहान, शरद कुमार, अमित कुमार, सैय्यद मशकूर, सुधीर त्यागी आदि मौजूद थे। अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर पत्रकार रतन सिंह को श्रद्दांजिल दी।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
